* All the legal application should be filed in Kerala, India, where the Kritya Trust is registered.
रोहित ठाकुर
रोहित ठाकुर
कविता के क्षेत्र में युवा स्वर हैं; सहज, सरल और सुंदर अभिव्यक्तियाँ, बिना किसी उलझाव के मन में पैठती हैं। यही कारण है कि कविता के बारे में सोचते हुए रोहित की ये कविताएँ प्रभावित करती हैं। कविता में कविता से संवाद करती हैं।
कविता-1
कितने जुगनुओं से
प्रकाशित हो तुम!
कितने ही तारों की रोशनी
छूती है तुम्हें।
रात के सन्नाटे में
हवा जब बहती है धीरे से,
लगता है जैसे
कोई पुराना गीत ढूँढ रही हो।
पृथ्वी अपनी हरी नींद में
लेती है तुम्हारा नाम,
और स्मृतियों का काँपता जल
बहता है भीतर कहीं—
जहाँ दूरियों का कोई अर्थ नहीं रहता!
कविता-2
कितने आकाश से ढकी है यह धरती!
कितनी जल-राशि से घिरी है,
फिर भी इस असीम फैलाव में
कोई कितना अकेला है!
पर जहाँ
फूल उपस्थित हैं
—
तो कोई अकेला नहीं है!
ओ आत्मीय फूल!
तुम रात के लंबे सन्नाटे को
एक अनहद संगीत बना देते हो
और एकांत के भीतर से
बहती है
एक अनाम नदी!
कविता-3
कुछ भी नहीं है मेरे पास—
बस कुछ कविताएँ हैं,
जो काम आती हैं
बुरे वक्त में!
अगर कुछ है—
तो बहुत दूर कपास से बना
तुम्हारा चेहरा है,
जो काँप रहा है—
जैसे काँपती है कोई चिड़िया
जैसे काँपती है चिड़ियों की छाया!
और तुम वहाँ हो
—
धरती के उस तरफ
जहाँ कोई जा नहीं सका है
खेल रही हो बादलों के साथ
और तुम्हारी आवाज़—
जो मुझ तक पहुँच नहीं रही है
वह बनी है ओस की बूंदों से!
कविता-4
जो घर में खिलती है—
एक फूल की तरह
एक ज़रा-सी बात पर
खिल उठने वाले उस फूल के लिए
मैं कोई फूल न ला सका
और
थामकर उसका हाथ—
उतर गया
इस जीवन में।
कविता-5
पते पर चिट्ठियाँ नहीं पहुँचीं
किसी घायल चिड़िया की तरह
जैसे—
उन्हें लिखा ही न गया हो
जिन शब्दों का प्रयोग
होना था चिट्ठियों में
वे दुःख की बेला में सुरक्षित न रह सके
कुछ चिट्ठियाँ कभी भेजी ही नहीं गईं
बरसों से कोई रास्ता देखता है इनका
कोई बरसों से चिट्ठियाँ लिखने की
कोशिश करता है—
और बीच में आ जाती है
अनिश्चितता की चिड़िया।
कविता-6
मैंने इस शहर से
कविता के लिए कुछ शब्द माँगे
जो खिलते हैं फूलों की तरह—
सिर्फ़ इस धरती पर नहीं
तारों के बीच जो बची हुई जगह है
वहाँ भी
और इस शहर ने
मुझे ऐसे ही शब्द दिए
मैंने कहा—
बनारस! तुमने मुझ पर एहसान किया।
मैंने ज़ोर से कहा—
बनारस! तुमने मुझ पर एहसान किया।
कविता-7
पंछी, आकाश, किताब, यहाँ तक कि फूल—
मेरी स्मृतियों और जीवन से
रहस्यमय तरीक़े से गायब हो रहे हैं
यह एक धीमा, मौन और अनवरत मिटाव है
जिसे मैं महसूस कर रहा हूँ
लड़नी होगी एक लड़ाई अपनी यादों के लिए
एक पूर्ण वाक्य याद नहीं रहता
एक पूरी घटना याद नहीं रहती
एक चिड़िया आकाश से
कब गायब हुई—याद नहीं है।
कविता-8
मौसम का कपाट खोलकर रखना
कोई आ सकता है हवा बनकर
फूलों का भेष धारण कर आ सकता है
मनुष्य का आना कितना दुर्लभ हो गया है!
इसलिए कोई आहट हो तो
उसकी अवहेलना मत करना
यक़ीन करो
कभी एक-दो साधारण आगंतुक
दुनिया भर की बातें करने के लिए
आ सकते हैं
उनका आना असंभव नहीं है—
वे आ सकते हैं ख़ाली हाथ
मामूली कपड़ों में आ सकते हैं
उनका आना तय है
मौसम का कपाट खोलकर रखना
और
सहज रहना
जो भी आएगा तुम्हारी
सहजता की दीवार से टिककर बैठेगा।
कविता-9
रात के आकाश को कोई नहीं
चुराएगा हमसे
रात के आकाश ने ही हर बार
तुम तक जाने का
रास्ता बनाया है मेरे लिए
हम जिस नाव पर पार करेंगे दुःख को
वह कब से राह देख रही है हमारी
हम शुक्रगुज़ार हैं उस प्रेम का
जिसके कारण हमारी दुनिया में
आकाश-नाव-नदी-संगीत
सब शामिल हुए।
कविता- 10
जो फूल खिलते हैं
और जिन्हें मैं खिलते नहीं देखता
उन सभी सुंदर और
अदृश्य प्रयासों का आभार
उन सब का सदा ऋणी रहूँगा मैं।
मुझ पर नहीं
मेरी कविताओं पर विश्वास करो!
मैंने कई शहरों को धोखा दिया है
कई बार खुद को भी धोखा देकर
जी लिया है एक जीवन—जैसे-तैसे।
रोहित ठाकुर
विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ प्रकाशित।
रोहित ठाकुर
विभिन्न पत्र–पत्रिकाओं में कविताएँ प्रकाशित।
पटना, बिहार
Mail address- rrtpatna1@gmail.com
Contact No.- 6200439764
![]() |