समकालीन कविता
मेहजबीं
वे दस्तावेज़ नहीं हैं
मैंने तुम्हें देखा तुम मेरी तरह मेरी धुन में थे
तुम्हारी छवि अच्छी लगी
मैंने फूलों को देखा उनकी बनावट में वही छवि दिखी
अपनी जलती हथैली पीछे रखकर
मैं बस देखती हूं
कोई तस्वीर मेरे पास नहीं है
इसकी ज़रूरत भी नहीं मुझे
मैंने फूलों को भी कभी डाली से अलग नहीं किया
तुम दोनों हो मेरे पास
एक रोज़ मैंने देखा
तुम अपनी धुन में थे शायद अपने मन मुताबिक
मैंने बार-बार देखा
फिर फूलों को देखा
थोड़ी रंगत उन्होंने भी बदल ली है
मेरे भीतर वही छवि है
मैंने फूल से कुछ नहीं कहा
थोड़ी देर उसकी आगोश में बैठी रही
फिर उठकर चली आई
मैंने तुमसे भी कुछ नहीं कहा
मैं कहूंगी भी नहीं
कुछ लिखूंगी भी नहीं इस बाबत
गुलदस्ते या फ्रेम में बंद करके
तुम दोनों को दस्तावेज़ की तरह नहीं रखना चाहती
तुम और पुष्प दोनों स्वतंत्र हो
मुझे इख़्तियार चहिए भी नहीं
मेरी आंखें मेरा मन मेरी कल्पना मुझे पर्याप्त हैं !!
मेरे कवि
मैं सिंहल द्वीप की राजकुमारी नहीं हूँ
मैं अकबर की बेगम भी नहीं हूँ
मेरे पास ऊँची अटरिया भी नहीं है
नहीं है मेरे पास गहनों की पोटली
देखो तुम मेरे रूप का वर्णन मत करना
जब तुम्हारी दृष्टि मेरी तरफ हो
तुम देखना मेरे चूल्हे बर्तन भांडो को
तुम देखना मेरी अलमारी में सजी
कप प्लेट गिलास रेडियो और किताबों को
मेरे तन पर जो लिपटा हुआ लत्ता है
वो कभी लहराता भी है झंडा बनकर
मेरे पास बड़ा सा आँगन नहीं है
छोटी सी छत है मेरे पास
छत पर मैंने रखा है तुलसी का गमला
बड़ी सी पार्किंग नहीं है मेरे घर में
मेरे छोटे से द्वारे पर खड़ी है साइकिल
तुम जानते हो न मेरे कवि
साइकिल श्रमिक का गहना होती है ! !
बिंदिया चमकेगी गजरा मेहकेगा
पेंट बुर्सेट में नायक वृक्ष के नीचे बैठा किताब पढ़ रहा है
हाथों में दो चार किताबें लिए
आधुनिक पेंट टी-शर्ट में नायिका उसके क़रीब आकर पूछ रही है
“मैं कैसे लग रही हूं ?”
“बहुत सुंदर !”
“और मेरी ड्रेस ?”
“एकदम बकवास !”
“क्यों ?”
“अंग्रेजी तहज़ीब का हमारी संस्कृति से क्या मुक़ाबला
भारतीय नारी की सुंदरता जो साड़ी में है वो भला इन आधुनिक वस्त्रों में कहां !”
नायक की बातों का गहरा असर हो रहा है
या फिर प्रेम अंधा बहरा होता है
प्रेम में इंसान अपना नहीं रहता आशिक के रंग में रंग जाता है
और भारत की नारी को अपने ऊपर डाई करना अच्छी तरह से आता है
शादी हो गई है
नायिका घरेलू काम में व्यस्त है
नायक बैठा किताबें पढ़ रहा है
नायिका काम से फारिग़ हो गई है
वो ख़ाली बैठे बैठे बोर हो रही है
उसके पास किताबें नहीं हैं
ख़ाली बैठे बैठे उसको रोमेंस सूझ रहा है
नायक को छेड़ रही है डिस्टर्ब कर रही है
नायक किताबों को छोड़ नहीं रहा है
नायिका भारतीय सुंदर सुसंस्कृत नारी बनकर रंभा मेनका उर्वशी की तरह सज-धज कर तैयार हुई है
उसकी देह पर लिपटी हुई है नारंगी साड़ी
उसके बालों में लगा हुआ है गजरा
उसके कानों में झूमके हैं गालों पर लाली है
होंठों पर सूर्खी है पैरों में अलता है
उसके गले में नौ लखा हार है, हाथों में चूड़ियां हैं, पैरों में है पायल
आंखों में काजल है माथे पर बिंदिया है
मेनका की तरह विश्वामित्र के चारों ओर डोल रही है
नायक को रिझा रही है
चूड़ियां खनका रही है पायल उसकी शोर मचा रही है
वो नाच नाच कर गा रही है
चूड़ी खनकेगी
गजरा मेहकेगा
पायल बोलेगी
बिंदिया चमकेगी
नायक पट गया है
नायिका को सुसंस्कृत आईडिया फब गया है
घर में अब एक बच्चा भी है दिन-रात बढ़ता खर्चा भी है
रोज़ रोज़ खर्चे पानी को लेकर झगड़ा हो रहा है
सुंदर साड़ी लाली लिपस्टिक का खर्च नायक की जेब पर भारी पड़ रहा है
नायक बीड़ी सिगरेट तंबाकू शराब की ओर बढ़ रहा है
नायिका अपना दुःख पुरुष मित्र को बता रही है
नायक को रोज़ रोज़ कल्चरल शॉक लग रहा है
नायिका ने फिर से किताबें पकड़ ली हैं
वो बाहर जाती है पैसे कमाती है
नायक फिर से सिर पकड़ कर रो रहा है
इधर घर में बच्चा बिलल्ला हो रहा है
झगड़ा फिर से रोज़ रोज़ हो रहा है
स्त्री की महत्वाकांक्षा परिवार बर्बाद कर रही है
उसको एक दिन अक़्ल आएगी
नौकरी छोड़ेगी किताबें फेंकेगी साड़ी पहनेगी
दिन भर बच्चा संभालेगी
दूसरा बच्चा भी पैदा करेगी तीसरा भी करेगी
अपनी देह के बारे में ख़ूबसूरती के बारे में नहीं सोचेगी
इस बुझी हुई देह पर रोज़ साड़ी लपेट रही है
उजड़े हुए बालो को संवार रही है
फटे हुए होंठों पर सुर्खी लगा रही है
थके पैरों में पायल पहन रही है
फटी हथैलियों को घर खर्च के लिए फैला रही है
आत्मविश्वास स्वाभिमान से ख़ाली माथे पर
रोज़ रोज़ बिंदी लगा रही है
बॉलीवुड की नायिका एक सदी से अपना परिवार बचा रही है
फिल्म का हैप्पी दी एंड कर रही है
बाक़ी की उससे इबरत हासिल कर रही हैं !!
फ्लैशबैक
अनुभूतियों को रख दिया है मैंने
एक ताक़ में ज़िलेदान में लपेटकर
वह फिर से बाहर न निकलें
उनपर रख दिया है भारी पत्थर
एक वक़्त था जब मैं शुन्य थी
मेरे पास नहीं था अहसासात का बैंक खाता
धीरे धीरे मैं शब्दों के क़रीब पंहुची
मेरी स्मृति में शब्दों का भंडार होने लगा
दृश्यों ने मेरे भीतर अनुभूतियों को जन्म दिया
मेरी शुन्यता डीज़िट में बदल गई
मैं अनुभूतियों की सेठानी बनती जा रही थी
बड़ी अल्पायु थी इस अमीरी की
संयम रखना है अब फीलिंग की आउटिंग पर
एहतियात से काम लेना है
इतने समय जो जमाखोरी की थी
सब यूज़लेस है अब
ज़ंग लगता जा रहा है सरंक्षण पर
बदबू आने लगी है ज़िलेदान से
बस एक अनुभूति शेष है मेरे पास
जिसे मैं फ्लैशबैक में जाकर स्पेंड करती हूं
ज़िन्दगी की जमा-पूंजी लगी थी
विदाई समारोह में
कितनी भव्य एंट्री थी जीवित आत्मा की मुर्दाघर में
मजूरी
वो गिनकर देते रहे हाथ में पैसा
ख़रीदारी के बाद देना पड़ता उनको हिसाब किताब
तुमको क्या चाहिए हमको बताओ
पैसा का क्या करना है
अपना ज़रूरत बताइये हम कीनकर ला देंगे
औरत के हाथ में पैसा नहीं दिया जाता है
वो दिन-रात परोसती हैं थाली में रोटीयां बग़ैर गिनती किए
उन्होंने कभी हिसाब नहीं मांगा
कितनी रोटियां खाईं कितनी बचाई
तीज त्यौहार पर तलती रही पूड़ियां गुजिया निमकी
वो धरती रही थैले में खस्ता लड्डू का डब्बा
वो अपना समस्त परोसती रही पुरुषों के समक्ष
उनके आंचल में गांठें बंधी रहती जिम्मेदारीयों की
एक एक करके खर्च करती जाती गांठें
हलस कर देखती रही हमेशा उन स्त्रियों को
जिनके पल्लू में बंधी रहती हैं घर-भर की अलमारी की चाबियां
उनकी हथैलियां हमेशा भरी रही गांठों से
शहर का करोबारी पीस रेट पर मजूरी करवाता है
घंटे के हिसाब से अठन्नी थमाता है
वो गांठ वाली अब थैला भर भर मजूरी करती हैं
घर भर में से चोरी करती हैं थोड़ा दिन दौपहरी रतिया
अब उके अंचरा में भी तनी मनी रुपया बंधाता है !!
मेहजबीं 
रिहाइश – नई दिल्ली
स्वतंत्रत लेखिका – संस्मरण, कहानी, कविता, नज्म, समीक्षा, फिल्म समीक्षा
प्रकाशित – निवाण टाइम, दैनिक हिंट, अंग भारत, जनसत्ता अख़बार में
समयांतर, समकालीन जनमत, समकालीन जनमत वेब, अंशु प्रेरणा,बोले भारत,बहुमत कृति, मधुमति, सम्मुख,पहली बार, स्त्री दर्पण,सबलोग,पत्रिकाओं में प्रकाशित।
हुसैन हबाश Hussein Habasch (कुर्दिस्तान)
अनुवादक – बृजेश सिंह Brajesh Singh
एक गुलाब ज़िंदगी के नाम
हमारा जुनून — चित्रकारी,
हमारा जुनून — लेखन,
हमारा जुनून — हर दिन ज़िंदगी के नाम छोड़ना
एक गुलाब!
हमारा जुनून जीत नहीं पाएगा, मेरी प्रिये!
उनका उन्माद — लड़ना,
उनका उन्माद — मारना,
उनका उन्माद —प्रतिदिन ज़िंदगी के नाम
दागना एक गोली!
उनका उन्माद जीत जायेगा, मेरी प्रिये!
हम हार जाएंगे, मेरी प्रिये।
इसका मुझे भान है।
वे जीत जाएंगे, मेरी प्रिये।
यह तुम जानती हो।
मगर फिर भी, हम चित्रकारी करेंगे,
लिखेंगे और प्रतिदिन छोड़कर जाएंगे
एक गुलाब
ज़िंदगी के नाम।
रक्तिम बर्फ
बर्फ गिरती है सफ़ेद
सकल पर्वतों को ढक देती सफ़ेदी से
बर्फ गिरती है सफ़ेद
कुर्दिस्तान के पर्वतों पर भी
मगर शीघ्र ही यह हो जाती है, रक्तिम!
विलाप
वो सुबह रोई
दोपहर में रोई
सांझ रोई
सुबह, उसने बेटा खोया
दोपहर, उसने दूसरा बेटा खो दिया
सांझ, उसने परिवार के अंतिम को भी खो दिया
अगली सुबह, लोग उसके लिए रोए
दोपहर में लोग उनके लिए रोए जो उसके लिए रो रहे थे
सांझ को, रोने को कोई आवाज़ नहीं थी शेष
पूरा का पूरा शहर खून से लथपथ था।
एक छाता
वृक्ष ने देखे
दो अधनंगे बच्चे
बारिश में ठंड से कांप रहे हैं
वो भागा
सरपट उनकी ओर
और अपने पत्ते खोल दिए
तनकर खड़ा हो गया उन पर
एक छाते की माफ़िक ।
हुसैन हबाश 
अफरीन (कुर्दिस्तान) में जन्में कवि हुसैन हबाश वर्तमान में बॉन, जर्मनी में निवास करते हैं। उनकी कविताएं 200 से अधिक इंटरनेशनल एंथोलोजी में प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी कविताओं का विश्व की 30 से अधिक भाषाओँ जैसे जर्मन, स्पैनिश, फ्रेंच, पर्शियन चीनी, ग्रीक, मैंडरिन (ताइवान की भाषा), त्ज़ोट्ज़िल (मेक्सिको के मायन लोगों की भाषा), डच, हिंदी, पंजाबी आदि में अनुवाद किया गया है। उन्हें इंटरनेशनल पोएट्री ट्रांसलेशन एंड रिसर्च सेंटर, जर्नल ऑफ़ द वर्ल्ड पोएट्स क्वार्टरली (मल्टीलिंगुअल) और चाइनीज़ पोएट्री इंटरनेशनल के एडिटोरियल बोर्ड द्वारा इंटरनेशनल बेस्ट पोएट प्राइज़ 2016 से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें जनरल यूनियन ऑफ़ कुर्दिश राइटर्स एंड जर्नलिस्ट्स द्वारा ग्रेट कुर्दिश पोएट हामिद बेदिरखान अवॉर्ड (2022) और ग्रीस के अरस्तू पोएट्री अवॉर्ड (2022) सहित कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड प्राप्त हुए हैं। उन्हें मोरक्को के सफी इंटरनेशनल पोएट्री फोरम (2024) में एक मानद पुरुस्कार से भी सम्मानित किया गया है। वर्ष 2025 में उन्हें न्यूयॉर्क के हंटिंगटन में “वॉकिंग विद व्हिटमैन” प्रोग्राम में विशिष्ट अंतर्राष्ट्रीय कवि के रूप में आमंत्रित किया गया था। साथ ही जर्मनी के अफरीन फाइन आर्ट्स फेस्टिवल 2025 में एक विशेष सम्मान और सर्बिया के ‘प्रो पोएट इंटरनेशनल लिटरेचर फेस्टिवल’ में इंडिजा प्रो पोएट प्राइज़ 2025 से भी विभूषित किया गया है।
गेल व्रोन्स्की Gail Wronsky
अनुवादक – बृजेश सिंह , Brajesh Singh
सुस्ताना, उस अजीब सी बेसब्री के भंवर में
हे प्रभु! तुम जो कोई कला नहीं हो।
कृपया मुझे उबाना बंद करो।
मैं कविता लिखने की कोशिश कर रही हूँ।
*
देर हो चुकी है और मैं चाह में डूबी जा रही हूँ —
*
मेरा तात्पर्य, वहाँ हाथ ही हाथ और क्षितिज हैं, नज़रें और लोग जिनमें बंदी हैं —
*
मेरा तात्पर्य, वहाँ सायों की संसार है, वो संसार जिसे मैं अपना कहती हूँ —
*
मैं सुस्ताना चाहती हूँ, उस अजीब सी बेसब्री के भंवर में —
*
शिथिल करती सुस्ती में, जो कविता लिखने से पहले महसूस होती है —
*
एक बार, मैंने पर्कोसेट की आधी बोतल गटक ली थी।
दूसरी बार मैंने अपनी माँ की स्टेशन वैगन को सामने से आते ट्रेफिक की ओर मोड़ दिया था —
*
टूटी विंडशील्ड की किरचें नीले और लाल रंग में चमक रही थीं, पुलिस की गाड़ी की घूमती हुई बत्तियाँ की मानिंद।
*
मैं युवा थी।
*
मैंने किसी की जान नहीं ली।
*
तब से मैं सौम्य विक्षिप्त सम जी रही हूँ — एक विक्षिप्त, मेरे इस जीवन रुपी पागल-खाने में।
*
अच्छे दिनों में, मैं सुदूर के कितने ही सूरज अपने पानी के गिलास की कोर पर घुमा सकती हूँ।
*
मैं मूर्तियों और पेंटिंग्स के सामने खुद को सेंक सकती हूँ मानों वो अग्नि हों।
*
सुबह अपने हल्के हरे-नीले आसमान संग आती है — जिसकी घास में पिछली रात की बची-खुची धुंध धूप पकड़ लेती है।
*
मैं अपने लिए फिर से अजनबी हो गई हूँ।
अनुवादक – बृजेश सिंह
मेरी पीड़ादायिनी माँ की मृत्यु हो गयी
बुढ़ापे में मृत्यु
उसने मेरी किशोर उमर
कतरकर चिंदी-चिंदी कर डाली
और रख ली चांदी की सिलाईदानी में
जिसे हममें से कोई
छू भी नहीं सकता
मेरी पीड़ादायिनी माँ की मृत्यु हो गयी
उसने कारों और अलमारियों से
कारागार बनाई
उसने वह दर्पण लगाया
जिस पर मैं बिसूरती
स्वयं को नहीं पहचान पा रही
अपने ही प्रतिबिंब में
अपने ही गुरूर में
उसने मेरा मिज़ाज उधेड़ा, मेरा भय बढ़ाया
मुझे आखिर तक खूब छकाया
यही सब है
जिनसे मैं जूझ रही हूँ
हमारी दो रूहें, परस्पर विरोधी
मगर अलग ना होने वालीं,
हमारे बीच की पर्देदारी
उसके पंजों से तार-तार थी
उसके चेहरे पर एक जाली होती
जब हम रविवार को चर्च से निकलते
जहाँ मैं जली भुनी रहती
उसकी जिंदगी एक फरेब थी
जिसे कभी चुनौती नहीं दी गई,
कभी परखा नहीं गया,
मैं लिखना बंद नहीं करूंगी
मेरी पीड़ादायिनी माँ की मृत्यु हो गयी
बच्चों का फ़र्ज़
यह क्या बकवास है
कितना अनोखा सुकून है चेहरे पर
जबसे मैंने शीशे में देखा तब से
एक खौफ
मेरी ज़िंदगी से निकाल दिया गया
वो मर कर जा चुकी है
क्या मैं उसके लिए शोक मनाऊं—नहीं मनाती
नहीं
एकदम नहीं
हरगिज़ नहीं।
आजकल हालात कितने अजीब हैं
कितनी ठंड है। आज रात ना तो मैं हूँ और ना ही नहीं हूँ। मैं कहती हूँ ‘मैं’ मगर मेरा मतलब अपने ही दूसरे
रूप से है। मेरा अर्थ मेरे दूसरे से। मेरा तात्पर्य उनके फूलों वाले डिब्बे में करकराते 2-प्लाई टिशू से है।
मुझे बात आगे बढ़ाने दो।
मुझमें ओ डी कोलोन की पुरानी बोतल जितना सब्र है। मैं कहीं भी प्रतीक्षा करूँगी—कहीं भी, जहाँ खस की
लम्बी, महकती जड़ें सोई हों। पुराने सत्ता के पोस्टमार्टम पर मैं तुमसे मिलूँगी।
हम दोनों 21वीं सदी की कालिख में सने हुए हैं।
हम बैठेंगे। हम बात करेंगे कि आजकल हालात कितने अजीब हैं। कितने खौफनाक। कितनी ठंड है। हम
अचरज करेंगे कि समय कहाँ चला गया। इतनी ज्यादा सर्दी क्यों है।
अनुवादक – बृजेश सिंह
गेल व्रोन्स्की Gail Wronsky 
प्लीएडेस से ‘प्रूफ़र प्राइज़ इन पोएट्री (2025)’ की विजेता, ‘कैलिफ़ोर्निया आर्ट्स काउंसिल’ से आर्टिस्ट्स फ़ेलोशिप पाने वाली गेल व्रोन्स्की नौ कविता संग्रहों, अर्जेंटीना की कवयित्री एलिसिया पार्टनॉय की कविताओं के अनुवाद की दो पुस्तकों की लेखिका और तीन एक्सपेरिमेंटल पोएट्री कलेक्शन की सह-लेखिका हैं। उनकी नवीनतम कृतियों में मॉकिंगबर्ड्स प्रोवर्ब्स; बॉर्न इन ए बार्न ऑन वीनस, (जिसमें मशहूर आर्टिस्ट ग्रोंक का आर्टवर्क शामिल है); स्वान साइथ चैपबुक प्राइज़ विजेता ‘सम डिसेनफ्रैंचाइज़्ड इवनिंग’, और अंडर द कैपसाइज़्ड बोट वी फ़्लाई: न्यू एंड सिलेक्टेड पोएम्स सम्मिलित हैं। उनकी कविताएं पोएट्री, बोस्टन रिव्यू, अग्नि, निमरोड, और अन्य जर्नल्स में प्रकाशित हो चुकी हैं। वह चक रोसेंथल के साथ दो छोटे साहित्यिक प्रकाशनों: व्हाट बुक्स प्रेस और जायंट क्लॉ की सह-संस्थापक हैं।
जावेद आलम ख़ान
महजबीं की कविताएं स्त्री संवेदना की मुखर अभिव्यक्ति हैं।सहज भाषा में मजबूती से स्त्री पक्ष उभरता है।सभी कविताएं बहुत अच्छी लगीं।कवि को बहुत बधाई