मेरी बात

जाते हुए अक्टूबर और आते हुए नवम्बर में एक भीनी सी सुगन्ध होती है, जो त्यौहार बनकर छा जाती है। चिपचिपाहट भरी गर्मियों से ख़ुनक भरी ठंडक की ओर जाना ख़ूबसूरत लगता है। यूँ तो दुनिया का हर खंड अलग-अलग तरीके से मौसम के बदलाव को महसूस करता है, लेकिन भारत के दक्षिण में, ख़ास तौर पर केरल में, यह महीना न केवल भीगा-सा होता है, अपितु कभी-कभी उत्साहित सागर और आसमान के संयोग से तनिक भयभीत भी होता है।

कृत्या का नया अंक अक्टूबर के रंगों के साथ नवम्बर की खुशबू लिए होगा। कृत्या के हिन्दी विभाग में मेहजबीं (भारत), हुसैन हबाश (कुर्दिस्तान), गेल व्रोन्स्की और अमेरिका के कवियों की कविताएँ हैं।

कविता के बारे में विभाग में रोहित ठाकुर की कविताएँ हैं। रोहित की ये कविताएँ प्रभावित करती हैं। ये कविता में कविता से संवाद करती हैं।

यानीस रित्सोस से अधिक प्रिय कवि कौन हो सकता है, यही कारण है कि प्रिय कवि विभाग में उनकी कविताओं के अनुवाद हैं।

कवि अग्रज में हम लोक जीवन से बन्नी गीत लेकर आए हैं, जिनकी सुन्दरता श्रवणीय और पठनीय है।

कृत्या लगभग एक वर्ष से वैश्विक कविता पाठ ‘East And West- Kritya Poetry for Peace’ प्रस्तुत कर रही है। हर महीने चलने वाला बुक टॉक भी कृत्या का अन्यतम आकर्षण है।

कृत्या कविता से जोड़ती है, कविता इंसानियत से।

आप सबका स्वागत है।

 

रति सक्सेना

Post a Comment